हाथरस : गांजा के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)।
कोतवाली पुलिस ने शनिवार की रात को एटा रेलवे फाटक के निकट से गांजा की आपूर्ति करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 25 पैकेटों में कुल 53 किलो गांजा बरामद किया गया है। यह दोनों असम से चाय भरकर हरियाणा जा रहे कंटेनर में सवार थे। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दोनों शख्स काफी समय से गांजे की तस्करी में लिप्त थे।
कोतवाली पर सीओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कोतवाल प्रवेश राणा को मुखबिर से सूचना मिली कि गोरखपुर से दो युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस के घनेंद्र शर्मा, प्रवीण कुमार, प्रेमनाथ, प्रदीप कुमार, अरविंद कुमार, रोहित राठी और विनीत कुमार रेलवे फाटक के पास पहुंच गए। रात्रि 12 बजे जैसे ही कंटेनर वहां से निकला तो उसे रोककर उसकी तलाशी ली गई। कंटेनर के केबिन में रखे गांजे से भरे कई बोरे पुलिस को मिले। इन बोरों में गांजे के 25 पैकेट रखे थे।
पुलिस ने बंटी उर्फ विकास पुंढीर निवासी गांव बसई कोतवाली सिकंदराराऊ, विजय कुमार कश्यप पुत्र मानिकचंद्र निवासी गांव सोनई कोतवाली एका जिला फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि पकड़े गए गांजे की कीमत लाखों रुपयों में है। वह गाजियाबाद से लेकर कई अन्य क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करते हैं। वह लंबे समय से इस धंधे में हैं। पुलिस ने बताया कि विकास अपराधी परिवार का है और उसके पिता ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने बताया कि कंटेनर में चाय भरी हुई थी। यह कंटेनर हरियाणा जा रहा था। किसी को शक न हो, इसलिए गांजे की तस्करी इस कंटेनर में की जा रही थी। पकड़े गए आरोपियों से अभी और पूछताछ जारी है।