न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक महिला सहित दो लोगों की बुखार से मौत हो गई। उन्हें परिवार के लोग गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनका काफी देर तक उपचार भी चला और फिर इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि दोनों को तेज बुखार था और पेट में जलन की शिकायत थी। डॉक्टर ने मौत के कारण सिर्फ इतना बताया कि बुखार की शिकायत थी, जिससे उनकी मौत हो गई।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव फरौली निवासी सत्यपाल सिंह (45 वर्ष) पुत्र शिवजी राम को दो दिन से बुखार के साथ पेट में जलन की शिकायत थी। उनका पहले तो गांव के डॉक्टर से उपचार कराया गया। कई दिन तक चले इलाज के बाद भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
ज्यादा स्थिति खराब होने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव को लेकर चले गए। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव महमूदपुर जाटान निवासी गीता देवी (40 वर्ष) पत्नी उमाशंकर को दो दिन से बुखार आ रहा था। उनका भी दो दिन तक उपचार चला, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार के लोग शव को लेकर गांव चले गए।