न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना की दूसरी लहर प्रचंड होती जा रही है। इसे लेकर हाथरस डिपो द्वारा उत्तराखंड, हरियाणा व दिल्ली के लिए दो दर्जन बसों के संचालन पूरी तरह विराम लगा दिया है। इस कारण इन राज्यों में दूरी तय करने वाले यात्रियों को अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए परिवहन निगम ने यूपी से सटे राज्यों में बस संचालन बंद करने का निर्णय लिया है। इसको ध्यान में रखते हुए हाथरस डिपो से उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, हलदवानी को जाने वाली एक दर्जन बसों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
इसके अलावा दिल्ली रूट पर संचालित होने वाली आधा दर्जन से अधिक बसों का संचालन भी बंद कर दिया गया है। वहीं हरियाणा के बल्लभगढ़ फरीदाबाद आदि को संचालित होने वाली तीन बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। इस कारण लोगों को इन जगह पर सफर करने के दौरान खासी दिक्कतों से जूझना पड़ेगा।