किक्रेट खेलने को लेकर दो समुदाय के लोग भिड़े, चले लाठी-डंडे
गांव सलेमपुर का मामला, पुलिस ने आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सलेमपुर में क्रिकेट खेलने को लेकर दो समुदायों के युवकों में जमकर मारपीट हुई। यहां पर लाठी-डंडे चले, जिसके बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया। यहां पहुंची पुलिस ने आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया और फिर उन्हें शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
सिकंदराराऊ रोड स्थित सलेमपुर गांव में दो समुदायों के युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इस बीच किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। बात इतनी आगे बढ़ गई कि उनमें देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। यहां पर भगदड़ मच गई। मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों समुदायों के आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया और फिर उनका शांतिभंग में चालान किया गया।
चालान किए जाने वालों में एक पक्ष के अमन, अहमदनूर, अली हसन और दूसरे पक्ष के थान सिंह, रामनिवास व लक्ष्मी नारायन का नाम शामिल हैं। हाथरस जंक्शन एसएचओ लक्ष्मण सिंह ने बताया कि इस मामले में दोनों ही पक्षों के छह लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है। गांव में स्थिति सामान्य है। किसी तरह का कोई तनाव नहीं है।