ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाते इंस्पेक्टर राकेश बाबू। संवाद
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
जलेसर रोड पर बृहस्पतिवार को करंट की चपेट में आने से दो भैंस मर गईं। आक्रोशित लोगों ने जलेसर रोड पर जाम लगा दिया। लोग बिजली विभाग से मुआवजे की मांग कर रहे थे। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया।
बारिश के दिनों में विद्युत खंभे में करंट आने की शिकायत बनी रहती है। जलेसर रोड स्थित गौड़ मैरिज होम के निकट एक खंभे में कई दिनों से करंट आ रहा है। इसकी सूचना भी स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग को दी थी, लेकिन अनसुनी कर दी गई। शुक्रवार को चंद्रवती पत्नी ओमवीर सिंह निवासी नगला केसरी भैंस चराने के लिए जा रही थी।
दोनों भैंस जलेसर रोड पर विद्युत खंभे में आ रहे करंट की चपेट में आ गईं। दोनों भैंसों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि चंद्रवती भैंसों को बचाने के चक्कर में बाल-बाल बच गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने विद्युत अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जलेसर रोड पर जाम लगा दिया और नारेबाजी करने लगे, जिससे यातायात बाधित हो गया।
जलेसर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोग बिजली विभाग से भैंसों की मौत की एवज में मुआवजे की मां कर रहे थे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने विद्युत अधिकारियों से बात की और लोगों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।