न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मथुरा रोड स्थित कंचना फाटक के पास राया निवासी एक दंपती से कंचना के रहने वाले एक व्यक्ति व उसके साथी ने लूट कर ली। अवनीश पुत्र हरिप्रसाद निवासी गांव विजयी थाना राया मथुरा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी खुशबू के साथ बुधवार की रात को करीब सात बजे बाइक से मुरसान की ओर से अपने गांव वापस जा रहा था।
कंचना फाटक के निकट एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसकी बाइक को लात मारकर उसे गिरा दिया और एक युवक उसकी पत्नी के बैग को लेकर भाग गया। बैग में पैसे और अन्य सामान रखा हुआ था। यह देखकर उसकी पत्नी ने एक युवक को पकड़ लिया। शोर होने पर अन्य लोग भी मौके पर आ गए और पकड़े गए युवक को थाने ले आये।
थाने आने के बाद जब युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम हेमंत पुत्र जुगेंद्र सिंह निवासी कंचना मुरसान बताया है। पुलिस पूछताछ में लगी हुई है। कोतवाली मुरसान प्रभारी शिवकुमार शर्मा का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।