हाथरस : सादाबाद के नगला केसरी के निकट हुई दुर्घटना के बाद मृतका के परिजनों को पोस्टमार्टम गृह पर स?
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
जलेसर रोड पर मंगलवार को एक ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार गर्भवती महिला की मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला सहित दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सासनी के रघनियां निवासी सफा हुसैन की पत्नी परवीन (31) दो दिन पहले ही अपने मायके सल्हैपुर चंदबारा आई थी। परवीन गर्भवती थी। मंगलवार को गांव के ही रहने वाले महेश कुमार पुत्र खेतपाल सिंह के साथ वह अपनी ननद सीमा के साथ खरीदारी करने के लिए सादाबाद आई थी। तीनों सादाबाद से गांव लौट रहे थे।
जलेसर रोड पर नगला केसरी के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में परवीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सीमा और महेश घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इससे पहले ही चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। आनन फानन घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
पुलिस ने आवागमन सुचारु कराया। दुर्घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसके आधार पर ट्रक चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महिला की मौत से उसके मायके और ससुराल में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद मृतका के ससुराल वाले भी सादाबाद पहुंच गए। मामले में मृतका के भाई अब्दुल खान पुत्र बंगाली खान निवासी सल्हैपुर चंदबारा ने यूपी 81 सीटी 1628 के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद