न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित जादौन ढाबा पर रविवार की देर रात एक व्यक्ति की तबियत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन हाइवे की एंबुलेंस से उसे उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन मौके पर आ गए। मृतक के पुत्र ऋषि कुमार ने घटना के संबंध में तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टस कराया है।
दरअसल, 50 वर्षीय दशरथ पुत्र राम सिंह निवासी गभाना जनपद अलीगढ़ ट्रक पर चालक था। रविवार की देर रात को वह अलीगढ़ से परचून का सामान लेकर ग्वालियर जा रहा था। रास्ते में अलीगढ़ की सीमा पर बने जादौन ढाबे पर खाना खाने के लिए उसने ट्रक खड़ा कर दिया।
खाना खाने के बाद ढाबा के सामने एक टायर पंचर की दुकान के पास पड़ी चारपाई पर वह लेट गया। इस दौरान उसकी तबियत खराब हो गई। हाईवे की एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया और उसे उपचार के लिए लेकर अलीगढ़ भेजा गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने घटना के संबंध में तहरीर परिजनों को दी है। इसके आधार पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। संवाद