हाथरस: दुर्घटना में मृतक अहमद का फाइल फोटो।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली चंदपा के सामने आगरा रोड पर बाइक सवार नवदंपती को ट्रक ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। दोनोें की शादी दो माह पहले ही हुई थी। सूचना के बाद मृतकों के परिवार के लोग भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। इधर, पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
मथुरा जनपद के थाना बल्देव क्षेत्र के गांव हतौड़ा निवासी अहमद (20 वर्ष) पुत्र अयूब खां की शादी छह मार्च 2020 को थाना सासनी के गांव उसवा निवासी डेडी की बेटी सपना (19 वर्ष) से हुई थी। शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे अहमद अपनी पत्नी सपना को उसवा से बाइक पर बैठाकर अपने गांव हतौड़ा के लिए निकला। जैसे ही अहमद थाना चंदपा के सामने पहुंचा तो आगरा की ओर से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे नवदंपती (अहमद व सपना) की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी होते ही पुलिस ने ट्रक का पीछा गया। पुलिस को देख चालक रोड किनारे ट्रक को खड़ा कर भाग गया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम हाउस भेजे। सूचना के बाद मृतकों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए। चंदपा एसएचओ वीपी गिरी ने बताया कि ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत हुई है। इस मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
हाथरस: दुर्घटना में मृत सपना का फाइल फोटो।- फोटो : HATHRAS