न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कस्बे के सादाबाद रोड पर रविवार की रात एक ट्रक ने सामने से ईंट से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। जिससे ट्रक चालक व उसमे बैठा एक छोटा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। कृपाल सिंह निवासी रायक मुरसान ने पुलिस को बताया कि वह रात को अपने ट्रैक्टर ट्रॉली में ईट भरकर सादाबाद की ओर जा रहा था।
उसी दौरान सामने से एक मिनी ट्रक का ड्राइवर लापरवाही से ट्रक को चलाता हुआ तेज गति से सामने से आ रहा था। ट्रक ने ईट से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली में जबरदस्त तरीके से टक्कर मार दी। जिससे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर लगने के बाद ट्रक के अगले पहिए का टायर फट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने घरों के एक पास खाली जगह में जा घुसा।
गनीमत की बात यह रही कि ट्रक के सामने अन्य कोई वाहन व कोई व्यक्ति नहीं आया, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए और दोनों वाहनों की तरफ भागे। टक्कर होने के बाद ट्रक चालक ट्रक में बैठे घायल बच्चे को लेकर उपचार के लिए निकल गया। सूचना मिलते ही मुरसान पुलिस भी मौके पर आ गई।