न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
मई-दाऊजी रोड स्थित गांव गढ़ उमराव और सिथरापुर से विलारा जाने वाले मार्ग पर ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जिला पंचायत द्वारा करीब चार माह पूर्व शुरू कराया गया इस एक किमी सड़क का निर्माण कार्य बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया है। इस लिंक मार्ग पर केवल गिट्टी डलवाकर छोड़ दी गई है, जिससे न सिर्फ आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं, बल्कि वाहन चालक दुर्घटना का शिकार भी हो रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक जिला पंचायत द्वारा करीब चार माह पूर्व लगभग एक किमी लंबी सडक का निर्माण कराने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। करीब दो माह से इस लिंक मार्ग पर केवल गिट्टी डलवाकर काम को ठेकेदार द्वारा रोक दिया गया है। सड़क पर गिट्टी पड़ी होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि गांव गढ़ उमराव से लेकर दघैंटा रजबहे तक जिला पंचायत ने ग्राम गढ़ उमराव एवं सिथरापुर के लोगों की सुविधा के लिए विलारा जाने वाले इस मार्ग का निर्माण शुरू कराया था, लेकिन अभी अधूरा पड़ा है।
-सड़क पर गिट्टी पड़ी होने के कारण वाहन तो क्या पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। जनहित में जल्द ही सड़क का कार्य पूरा होना चाहिए, ताकि लोगों को आवागमन में सहूलियत हो सके।
ओमवीर सिंह, सिथरापुर
जिला पंचायत द्वारा जो सड़क बनवाई जा रही है, उसमें गांव गढ़ उमराव के निकट करीब 80 मीटर के रास्ते को छोड़ दिया गया है। जिला पंचायत को यह सड़क पूरी बनवानी चाहिए।
-लक्ष्मीनारायण, रिटायर्ड कानूनगो
-निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय के प्रयास से इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ , ा लेकिन जिला पंचायत के ठेकेदारों ने विनोद उपाध्याय के पद से हटने के बाद कोई काम नहीं कराया है।
-राजकुमार सारस्वत, गढ़ उमराव
गढ़ उमराव से दघैंटा रजबहे तक जाने वाली सड़क में पानी की निकासी के लिए कई जगह पाइप डाले गए हैं। डीएम से अनुरोध किया गया है कि जनहित में इस सड़क पर यथाशीघ्र पुलिया का निर्माण और डामरीकरण का काम कराया जाए।
-राजकुमार चौधरी, प्रधान गढ़ उमराव