न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को लेकर शासन ने जनपद स्तर पर ट्रूनॉट मशीन लगाए जाने का निर्णय लिया है, ताकि यहां पर कोरोना के संदिग्ध रोगियों की जांच हो सके। इसे लेकर जिला अस्पताल में मशीन लग चुकी है और उसका इंस्टालेशन भी हो गया है। इसके संचालन के लिए स्टाफ को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
देश व प्रदेश में कोरोना की जांच कराने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में शासन जनपद स्तर पर ही इसकी जांच की सुविधा जिला अस्पताल में उपलब्ध कराने की पहल की है। तभी तो जिला अस्पताल में अब ट्रूनॉट मशीन कोरोना संभावित मरीजों की जांच के लिए लगाई गई है। इससे कोरोना संक्रमण की भी जांच होगी। जनपद में सीबीनॉट से टीबी जांच की जाती है। स्वदेशी मशीन ट्रूनॉट हाथरस समेत सूबे के 55 जिलों को मिली है।
जिला अस्पताल में ट्रूूनॉट मशीन लग गई है। इसका इंस्टालेशन भी हो गया है। इस मशीन पर कोरोना संभावित मरीजों के नमूनों की जांच करने वाले कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण जिला अस्पताल परिसर में चल रहा है।
-डॉ. आईवी सिंह, सीएमएस जिला अस्पताल।