न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायतराज विभाग में बिना उच्चाधिकारियों के अनुमोदन के बड़े पैमाने पर सफाई कर्मियों के तबादले से चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पंचायतराज विभाग में एक दर्जन सफाई कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। हैरानी की बात यह है इन तबादलों में अनुमोदन तो दूर की बात है, उच्चाधिकारियों को इनके बारे में सूचित तक नहीं किया गया है। विभागीय पटल से सीधे पत्रों को सफाई कर्मचारियों को जारी कर दिया गया है।
शिकायत आने पर इन सफाई कर्मियों के तबादले उच्चाधिकारियों के अनुमोदन पर किए जाते हैं। फिलहाल पंचायतराज विभाग में एक साथ एक दर्जन सफाईकर्मियों के तबादलों ने विकास भवन व विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इन तबादलों को करने के लिए जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) ने उच्चाधिकारियों से कोई अनुमोदन तक नहीं लिया।
बिना उच्चाधिकारियों के अनुमोदन के बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों के तबादले कर दिए गए है। इन तबादलों की सूचना और प्रतिलिपि भी उच्चाधिकारियों को नहीं भेजी गई हे। इसे लेकर संबंधित विभागीय पटल पर तैनात कर्मचारी पर कई तरह के आरोप भी लग रहे हैं। डीएम रमेश रंजन ने बताया कि इस तरह से एक साथ बड़ी संख्या में तबादले होने की जांच कराई जाएगी। अगर कोई संदिग्धता मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद