हाथरस: तालाब चौराहा स्थित रेलवे फाटक का बूम ठीक करते कर्मचारी।
- फोटो : HATHRAS
रेलवे फाटक में खराबी से कई घंटे यातायात बाधित
तालाब चौराहा रेलवे फाटक में आई खराबी, लोगों ने झेलीं दिक्कतें
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शहर के तालाब चौराहा पर बृहस्पतिवार की दोपहर को रेलवे फाटक में खराबी आ गई। इस कारण दोपहर से शाम तक यातायात बाधित रहा। जाम लगने से लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि शहर मध्य से होकर गुजरने वाले मथुरा-कासगंज रेलवे ट्रैक पर करीब आधा दर्जन क्रॉसिंग है। ट्रेनों के आने के दौरान फाटक बार-बार बंद होने से हर रोज जाम लगता है। बृहस्पतिवार की दोपहर को मथुरा कासगंज रूट पर जाने वाली ट्रेन के दौरान तालाब चौराहा क्रासिंग के फाटक को बंद किया गया। अचानक फाटक में खराबी आ गई।
इस कारण दोपहर से शाम तक आगरा-अलीगढ़ और मथुरा-कासगंज रूट पर वाहनों की लाइन लगी रही। कर्मी क्रासिंग के बूम को दुरुस्त करने में जुटे रहे। शाम को बूम सहीं होने के बाद यातायात सुचारु हुआ। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। यातायात पुलिस कर्मियों को यातायात सुचारु करने में काफी मुश्किलों से जूझना पड़ा।