न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर क्षेत्र के मथुरा रोड पर ट्रक और भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में ट्रैक्टर का चालक और उस पर सवार एक युवक घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। काफी देर तक मथुरा रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।
गांव रतनगढ़ी निवासी रमेश पुत्र तेज सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली से भूसे का व्यापार करता है। रविवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह ट्रैक्टर ट्रॉली में भूसा भरकर गांव कोटा की तरफ जा रहा था। उसके साथ महादेव पुत्र कालीचरण निवासी बाण हसायन भी बैठा था। जैसे ही इनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली मथुरा रोड गुलाब बाग के पास पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक इसकी टक्कर हो गई। ट्रैक्टर के परखचे उड़ गए।
हादसे में ट्रैक्टर पर सवार रमेश और महादेव घायल हो गए। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनके परिवार के लोग भी हादसे की जानकारी होते ही पहुंच गए। चालक की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। इधर, हादसे के बाद मथुुरा रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति रही। क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को सड़क से हटाया गया।