न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिटिया के बहुचर्चित प्रकरण में सोमवार को स्थानीय न्यायालय में सुनवाई होगी। उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने अपनी 67 दिन की विवेचना के बाद इस बहुचर्चित कांड में अपनी चार्जशीट विशेष न्यायालय एससी-एसटी एक्ट में दाखिल की थी। इसमें सुनवाई की तिथि चार जनवरी नियत है।
यहां सीबीआई ने इसलिए चार्जशीट दाखिल की थी, क्योंकि चार्जशीट में एससी-एसटी उत्पीड़न की धारा भी शामिल है। सीबीआई ने बिटिया के गांव के ही चारों युवक संदीप, रामू, लवकुश व रवि के खिलाफ यह चार्जशीट दाखिल की थी। इस मामले में चारो आरोपी अलीगढ़ जेल में बंद हैं। अब सबकी नजर स्थानीय कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर लगी है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि हो सकता है कि यह मामला आगे सीबीआई की विशेष अदालत में चले या हो सकता है कि आगे भी यहीं इसकी सुनवाई हो। वहीं चारों आरोपी यहां कोर्ट में पेश होंगे या नहीं, यह भी देखने वाली बात होगी।