न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बृहस्पतिवार को बेसिक शिक्षा विभाग के नव नियुक्त शिक्षकों से ऑनलाइन स्कूलों के विकल्प लिए जाएंगे। दिव्यांग (महिला/पुरुष) एवं समस्त महिला अभ्यर्थी विद्यालय आवंटन के लिए अपना विकल्प प्रस्तुत करने के लिए अपने मूल नियुक्ति - पत्र एवं फोटो युक्त पहचान-पत्र के साथ बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे बीआरसी हतीसा बुलाया है।
बीएसए मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि अनुपस्थित रहने की स्थिति में विद्यालय का आवंटन रोस्टर प्रक्रिया के अंतर्गत कर दिया जाएगा, जिसके प्रति कोई प्रत्यावेदन स्वीकार्य नहीं होगा। निर्धारित समय व स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। जनपद में रिक्ति वाले विद्यालयों की सूची बीआरसी हतीसा के परिसर में चस्पा करा दी गई है। इसके अतिरिक्त कार्यालय की बेवसाइट 222.ड्ढह्यड्डद्धड्डह्लद्धह्म्ड्डह्य.द्बठ्ठपर भी सूची को देखा जा सकता है।
सभी दिव्यांग एवं महिला अभ्यर्थी सूची का अवलोकन कर, सुविधा के अनुरूप पद-स्थापन हेतु अपनी वरीयता के विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण भी कर लें, जिससे 29 अक्तूबर को विद्यालय लॉक करने में अनावश्यक विलंब न हो। विद्यालय लॉक होने के उपरांत किसी भी स्थिति में परिवर्तन संभव नहीं होगा। पुरुष अभ्यर्थियों को विद्यालय का आवंटन प्रदेश मुख्यालय से ऑनलाइन रोस्टर प्रक्रिया द्वारा किये जाने के कारण उन्हें बीआरसी हतीसा पर आने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थी कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत मास्क एवं सैनिटाइजर का प्रयोग करेंगे।