न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को सीएचसी पर हुई कोरोना रैपिड एंटीजन जांच में तीन महिला एवं एक बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रकाश मोहन ने बताया कि क्षेत्र के गांव रुदायल की 26 वर्षीय एक महिला एवं इसी गांव की 20 वर्षीय एक युवती, गांव दोहई निवासी रोजगार सेवक की 30 वर्षीय पत्नी और मध्य प्रदेश का 65 वर्षीय एक कारोबारी भी संक्रमित मिला है।
यह कारोबारी इस समय नगला बंजारा में ठहरा हुआ था। 20 वर्षीय युवती एवं कारोबारी को सिकंदराराऊ के एल-वन हॉस्पिटल में इलाज के लिए भेजा गया है, जबकि रुदायल की 26 वर्षीय महिला एवं दोहई के रोजगार सेवक की 30 वर्षीय पत्नी को होम आइसोलेट किया गया है। गौरतलब है कि दोहई निवासी रोजगार सेवक पहले से ही कोरोना संक्रमित है और वह होम आइसोलेशन में रह रहा है ।
स्वास्थ्य टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध
सहपऊ। सीएचसी पर स्वास्थ्य टीम को उस समय ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा, जब वह क्षेत्र के गांव रुदायल में कोरोना संक्रमित पाई गई महिलाओं के पास के घरों के लोगों को होम क्वारंटीन कर रहे थे। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रकाश मोहन ने बताया कि गांव दोहई में तो रोजगार सेवक की पत्नी कोरोना संक्रमित निकली है। इस गांव में पहले से ही कई परिवार होम क्वारंटीन किए जा चुके हैं, लेकिन रुदायल गांव में स्वास्थ्य टीम संक्रमित महिलाओं के परिवार वालों सहित 27 लोगों को ही होम क्वारंटीन कर पाई थी कि ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
दोनों ओर से काफी नोकझोंक होने के बाद स्वास्थ्य टीम वहां से लौट आई और उच्चाधिकारियों को इस घटना से अवगत करा दिया। एसडीएम सादाबाद राजेश कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में आ चुका है। सोमवार को स्वास्थ्य टीम इस गांव में पुलिस फोर्स के साथ जाएगी और नियमानुसार अपना काम करेगी। यदि उनका कोई विरोध करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।