न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अलीगढ़ रोड स्थित एक आश्रम से सामान चोरी कर ई-रिक्शा में लादकर ले जाते वक्त तीन शातिर व्यक्तियों को लोगों ने दबोच लिया। उनकी जमकर पिटाई की गई और उसके बाद इनको मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित नहर के पास मानव सेवा उत्थान समिति का आश्रम है। इस आश्रम में शुक्रवार को तीन चोर घुस गए और यहां से लोहे की सरियों, जंगला आदि लोगों के सामान को एक ई-रिक्शा में भरकर ले जाने लगे। इस बीच वहां पर कुछ लोग आ गए। उन्होंने इनको पकड़ लिया और पुलिस को फोन कर दिया।
पुलिस मौके पर पहुंच गई। पकड़े गए तीनों व्यक्तियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इनके कब्जे से चोरी का माल बरामद हुआ है। पुलिस पकड़े गए शातिर व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है, ताकि कुछ और चोरी की घटनाओं का भी सुराग मिल सके। संवाद