न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद कस्बे में चोरों की सक्रियता बढ़ गई है। चोरों ने सोमवार की मध्य रात्रि जयंती भाई मार्ग सब्जी मंडी रोड स्थित किराने की दो दुकानों के ताले चटकाकर हजारों रुपये के सामान व नकदी पार कर दी। सुबह ताले टूटे मिलने की जानकारी होने पर किराना व्यापारी मौके पर पहुंचे। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और घटना की जांच पड़ताल की।
जयंती भाई मार्ग पर अशोक अग्रवाल पुत्र मोरमुकुट अग्रवाल निवासी बालाजी नगर और अजय अग्रवाल पुत्र मनोहरलाल निवासी रामलीला गली की किराने की दुकान है।
बताते हैं कि चोरों ने सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि दोनों दुकानों के शटर के ताले चटका दिए और शटर को नीचे से उखाड़ दिया, जिसके बाद चोर दुकान से हजारों रुपये का किराने का सामान, गुटखा, बीड़ी व अन्य सामान के अलावा गल्ले में रखे हजारों रुपये चोरी कर ले गए। कस्बे में पिछले दिनों में कई चोरी की वारदातों ने पुलिस की सक्रियता को खुली चुनौती दी है।