न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आगरा में समाजवादी पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाए जाने का वीडियो देखने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। बड़ी संख्या में मंच के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सदर तहसील पर पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि आगरा में पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने वाले सपा कार्यकर्ताओं को देशद्रोह के आरोप में जल्द से जल्द गिरफ्तार करके जेल भेजा जाए। भारत में पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने की घटना को किसी भी कीमत पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने वाले लोगों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतते हुए जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए। कार्रवाई न होने की स्थिति में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में आंदोलन करेंगे। कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए।
हाथरस तहसील पर ज्ञापन देने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं में हिंदू जागरण मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक रंजन आर्य, जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा, जिला महामंत्री नरेंद्र प्रेमी, जिला उपाध्यक्ष रमन बिहारी शर्मा, रविंद्र रावत, सरिता सिंह बघेल, शिवम शर्मा, राजू पाथरे, मोरमुकुट वर्मा, नरेश वार्ष्णेय, सुनील चौहान, रूपेश सिंह, सोनू कश्यप, शिवम सोलंकी, अभिषेक राज, विनय रावत, मोनू भारती, मुकुल राणा, लखन चौधरी, प्रमोद शर्मा, वरुण वर्मा, सुमित चौधरी, हिमांशु आदि शामिल थे।