न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
पुलिस ने कोतवाली पर हंगामा करने वाले तीन युवकों के साथ कुल छह युवकों को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन्हें जेल भेजा गया है।
प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि शनिवार की देर शाम कस्बा में नगर पंचायत द्वारा पार्क निर्माण के कार्य को रुकवाने, काम कर रहे मजदूरों को भगा देने के साथ ईओ के साथ अभद्रता करने वाले कस्बा के मोहल्ला ओझियाना निवासी राम गोपाल को एसडीएम के निर्देश पर रात में ही हिरासत में ले लिया गया था। देर रात को कुछ लोगों ने कोतवाली में आकर इस युवक को छुड़वाने के प्रयास भी किए।
मना करने पर इन लोगों ने वहां हंगामा भी किया। पुलिस ने उनको समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह मानने के लिए तैयार ही नहीं थे। पुलिस सख्ती पर उतर आई। यह देखकर कुछ लोग वहां से भाग गए और पुलिस ने तीन और युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सतेंद्र यादव, मयंक यादव एवं कृष्ण कुमार निवासी माधव नगर जलेसर बताए। इधर, गांव मानिकपुर निवासी मोहन एवं श्याम ने दोनों भाई आपस में झगड़ा कर रहे थे। पुलिस ने इन सभी छह युवकों को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में जेल भेज दिया है। संवाद