न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
स्वर्णकार पर हमला कर उनकी जान लेने वाले छुट्टा सांड़ के सोमवार को एक बार फिर से नगर में आ जाने से लोगों में खलबली मच गई। इस सांड़ के लौटने से सुभाष गली, मुकेरखाना, त्यागी कॉलोनी सहित कई इलाकों में भय का माहौल पैदा हो गया। इसकी जानकारी जब नगर पंचायत को मिली तो मौके पर पहुंची। टीम सांड़ को काबू में कर ट्रैक्टर ट्रॉली के जरिये फिर से गोशाला ले गई।
गौरतलब है कि एक पूंछ कटे आवारा सांड़ ने सुभाष गली, मुकेरखाना सहित नगर के कई गली-मोहल्लों में लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। पिछले दिनों 25 मई को नगर के मुख्य बाजार में स्वर्णकार शशिगोपाल वर्मा पर भी सांड़ ने हमला कर दिया था, जिससे 30 मई को उनका निधन हो गया। हालांकि नगर पंचायत की टीम स्वर्णकार पर हुए हमले के बाद सांड़ को पकड़कर गोशाला में ले गई थी, लेकिन यह सांड़ फिर से सोमवार को गोशाला से निकलकर सड़क पर आ गया।
सोमवार की सुबह मुख्य बाजार में होते हुए सुभाष गली, मोहल्ला मुकेर खाना में पहुंच गया। इस सांड़ को वापस आया देख लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया। काफी लोग रास्ते में इसके सामने से हट गए। कई लोगों ने इस सांड़ के फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दिए, जिसके बाद नगर पंचायत की टीम दोपहर को इस सांड़ को काबू में कर फिर से गोशाला ले गई।