न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की बात है। अब उन्हें सफर के दौरान अंदर और बाहर बसें साफ-सुथरी दिखाई देंगी। रोडवेज की कार्यशाला में इसके लिए ऑटोमेटिक धुलाई का प्लांट लगाने के काम की शुरुआत हो गई है। प्लांट के लिए लगने वाली मशीन भी कार्यशाला में आ गई हैं। जल्द से जल्द प्लांट लगने के साथ धुलाई का कार्य बेहतर होगा।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो वर्तमान में बसों की धुलाई ठेकेदार द्वारा मैनुअल कराई जा रही है। कितना भी कुछ हो, बसों की सही ढंग से सफाई नहीं हो पाती। इन बातों को ध्यान में रखते हुए हाथरस डिपो की कार्यशाला में लाखों रुपये की लागत से ऑटोमेटिक प्लांट लगना शुरू हो गया है।
इस प्लांट में बसों की धुलाई के दौरान बसें का चैस आसानी से जैक पर उठेगा। ब्रुश भी मोटरों से संचालित होंगे। इस प्लांट की मदद से बसों की बेहतर धुलाई कम समय में होगी। अगर बसें साफ-सुथरी रहेंगी तो उनमें सफर के लिए यात्रियों में आकर्षण भी बढे़गा। यात्रियों को साफ-सुथरा सफर नसीब हो सकेगा। संवाद