हाथरस : ग्राम पंचायत शाहपुर कलां में अमृत सरोवर का शुभारंभ करते अतिथि। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शनिवार को जिले के सातों ब्लॉकों में एक अमृत सरोवर तालाब के सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार के कार्य को शुभारंभ किया गया। इस कार्य के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की ओर से ब्लॉक वार नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है। इनकी निगरानी में चयनित ग्राम पंचायत पंचायतों में अमृत सरोवर तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया गया है।
सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देश पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले के ग्रामीण इलाकों में 75 तालाबों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मनरेगा के तहत इन तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इन तालाबों की वर्तमान स्थिति को लेकर तकनीकी सहायकों और संबंधित एपीओ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इन तालाबों पर पक्के घाट का निर्माण और पौधरोपण सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे।
इस क्रम में शनिवार को सभी ब्लाकों की एक-एक ग्राम पंचायत में अमृत सरोवर के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हुआ। जिले के हाथरस ब्लॉक की ग्राम पंचायत शाहपुर कलां, ब्लॉक हसायन की ग्राम पंचायत बसई बावस, सादाबाद की ग्राम पंचायत एदलपुर, सहपऊ की ग्राम पंचायत उघैना, सासनी की ग्राम पंचायत नगला लोका और मुरसान ब्लॉक की ग्राम पंचायत उदयभान-भकरोई में तालाब के सौंदर्यीकरण के कार्य की शुरुआत की गई है। इस दौरान नामित नोडल अधिकारी भी तैनात रहे। संवाद