संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 345 लाभार्थियों के खातों में आवास निर्माण की तीसरी किस्त और 172 लाभार्थियों के खातों में दूसरी किस्त शासन स्तर से भेज दी गई है। विभाग की ओर से जीओ टैगिंग की रिपोर्ट भेजे जाने के बाद शासन स्तर से सीधे लाभार्थियों को धनराशि भेजी गई है।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से पीएम आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्र में आवास निर्माण के लिए धनराशि दी जाती है। यह धनराशि लाभार्थी को तीन किस्त में दी जाती है। प्रथम किस्त आवास निर्माण शुरू करने के लिए और दूसरी किस्त व तीसरी किस्त निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए दी जाती है।
मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूर्ण करने की विभाग की ओर से नामित संस्था की ओर से जीओ टैगिंग की जाती है। इसके आधार पर शासन की ओर से लाभार्थियों की किस्त जारी की जाती है। जिला समन्वयक पवन कुमार ने बताया कि जीओ टैगिंग के आधार पर 345 लाभार्थियों को तीसरी और 172 लाभार्थियों को दूसरी किस्त जारी कर दी गई है। इन लाभार्थियों के धनराशि खाते में यह धनराशि सीधे भेजी गई है।