न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
विकास खंड सिकंदराराऊ की ग्राम पंचायत बरतर खास में तैनात तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी अमित चंद्रा को जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ यह कार्रवाई पूर्व ग्राम प्रधान मालती देवी के विरुद्घ जारी नोटिस को रिसीव न कराने के मामले में की गई है।
डीपीआरओ सुबोध जोशी की ओर से पूर्व प्रधान को नोटिस जारी किए गए थे। इस नोटिस को पूर्व प्रधान को प्राप्त कराकर प्राप्ति रसीद लेने में तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती गई। डीपीआरओ ने तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया है। डीपीआरओ ने कहा है कि तीन सितंबर को जारी नोटिस को पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत बरतर खास को प्राप्त कराकर प्राप्ति रसीद पंचायत सचिव ने पेश नहीं की है।
इस क्रम में 30 अक्तूबर 2021 को जारी नोटिस को भी पूर्व प्रधान को प्राप्त नहीं कराया गया। पांच अप्रैल 2022 को निर्गत नोटिस को भी प्राप्त नहीं कराया। इस तरह उन्होंने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती है। उक्त निलंबन अवधि में अमित चंद्रा को कार्यालय खंड विकास अधिकारी मुरसान से संबद्ध किया गया है। इस प्रकरण की जांच अपर जिला पंचायतराज अधिकारी राकेश बाबू को सौंपी गई है। संवाद