हाथरस : पूर्व सांसद राजेश दिवाकर को ज्ञापन देते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सासनी से इगलास मार्ग को जोड़ने वाले मार्ग की हालत जर्जर है। इस कारण लोगों को वाहनों के आवगमन में दिक्कतें होती हैं। पूर्व सांसद राजेश दिवाकर को लोगों ने भ्रमण के दौरान ज्ञापन के माध्यम से मार्ग की समस्या को अवगत कराया। सांसद ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पत्र लिखकर मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है।
पूर्व सांसद को दर्जनों गांवों के लोगों ने मार्ग को दुरुस्त करा कर राहत पहुंचाने की मांग की। पूर्व सांसद ने मौर्य को भेजे पत्र में कहा है कि क्षेत्र में भ्रमण के दौरान लोगों ने मार्ग की जर्जर हालत के बारे में बताया। मार्ग की स्थिति काफी दयनीय है। आए-दिन दुर्घटनाएं होती हैं। सासनी-इगलास मार्ग का आधा भाग अलीगढ़ में आता है। वह ठीक हालत में है। सासनी से इगलास की ओर जाने वाला आठ किलोमीटर का मार्ग खराब है।
क्षेत्र के लोग लंबे समय से प्रयासरत हैं, परंतु समस्या का समाधान नहीं हो सका है। मार्ग से लगभग 45 गांव जुड़े हुए हैं। विधानसभा चुनाव को देखते हुए मार्ग का चौड़ीकरण व मरम्मतीकरण जरूरी है। संबधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए मार्ग को दुरुस्त कराएं। ज्ञापन सौंपने वालों में रामवीर तोमर, महेंद्र सिंह तोमर, ओमवीर सिंह चौहान, अमित कुमार, विश्न सिंह, दुर्जन सिंह, अंकुल तोमर, फतेह सिंह तोमर आदि मौजूद रहे। संवाद