न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
10 दिन पूर्व एसडीएम ने छापा मारने के दौरान अफीराह क्लीनिक के चिकित्सक के चेंबर को सील कर दिया था। बुधवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने चेंबर की सील को खुलवा दिया।
एसडीएम अंकुर वर्मा के नेतृत्व में पिछले दिनों कई चिकित्सकों के यहां छापा मारा था। इसके विरोध में नगर व ग्रामीण क्षेत्र के चिकित्सक तालाबंदी कर हड़ताल पर चले गए थे। परिणामस्वरूप इलाज न मिलने पर मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. नसीम अहमद, डॉ. अरविंद सारस्वत एवं डॉ. ललित प्रताप बघेल के नेतृत्व में एसडीएम से मिलकर अपनी पद्धति एवं अधिनियम 2015 के अनुसार चिकित्सा कार्य करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उसके बाद एसडीएम ने चिकित्सकों को नियमानुसार ही अपनी पैथी में चिकित्सकीय कार्य करने की नसीहत दी थी और जांच के उपरांत चिकित्सक के चेंबर की सील को खोलने का आश्वासन दिया था।
एसडीएम के आश्वासन के बाद चिकित्सकों ने शुक्रवार को हड़ताल खत्म कर चिकित्सकीय कार्य शुरू कर दिया था। जांच पूरी होने पर बुधवार को एसडीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अफीराह क्लीनिक में सील किए गए चिकित्सक के चेंबर को खोल दिया। संवाद