न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला अहीर में हुई विवाहिता की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हुआ है। अब विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है, जिसके बाद मौत का कारण सामने आ सकेगा।
उल्लेखनीय है कि जनपद एटा के थाना अवागढ़ गांव मिर्जापुर निवासी प्रेमपाल सिंह ने अपनी बेटी मिथलेश की शादी अप्रैल 2018 में हाथरस जंक्शन के गांव नगला अहीर निवासी कन्हैया लाल पुत्र सोनपाल के साथ की थी। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोग परेशान कर रहे थे। बुधवार की रात को मायके लोगों को उसकी तबियत खराब होने की जानकारी दी गई, सूचना के बाद मायके के लोग यहां पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता का शव छोड़कर भाग गए।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया, ताकि मौत का कारण स्पष्ट हो सके, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। एसएचओ विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम में महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। अब विसरा रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।