न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मेला श्रीदाऊजी महाराज के पंडाल में बुधवार की रात्रि में गंगा-जमुनी मुशायरे का आयोजन हुआ। उद्घाटन पूर्व सांसद राजेश मिश्रा और किसान नेता पूनम पंडित ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कवि व शायरों ने श्रोताओं पर अपनी शायरी का ऐसा जादू चलाया कि पूरा पंडाल रात भर वाह-वाह की आवाजों से गूंजता रहा।
अतिथि के रूप में अखिल भारतवर्षीय श्री वैश्य बारहसैनी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील वार्ष्णेय एवं राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद शर्मा, कांग्रेस प्रदेश महासचिव डॉ. संजीव शर्मा, कांग्रेस प्रदेश सचिव अखिलेश शर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद बंसल ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के छवि चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने अतिथियों का पगड़ी पहनाकर और छवि चित्र भेंटकर सम्मान किया। कुंवर जावेद एवं कवियत्री प्रीति अग्रवाल का चांदी का मुकुट और पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया गया।
अध्यक्षता ऊषा गुप्ता ने की और संचालन अनिल बौहरे ने किया। दिव्या मद्रासी ने दाऊ बाबा रेवती मैया की वंदना की। राजस्थान के कोटा से आए कुमार जावेद ने देश में जो लोग दुरंगे हैं, वह तिरंगे की बात करते हैं, अरे हम तो एक रंगे हैं और देश की बात करते हैं, सुनाकर तालियां बटोरीं।
कवियत्री प्रीति अग्रवाल ने देश की आन बान शान देशभक्ति को कहें वंदे मातरम। दिव्या मद्रासी ने सहज नहीं है यह जीवन निभाना, कभी मार खाना और कभी प्यार पाना, सुनाई। उपासना जमशेदपुरी ने रास्ता कठिन है और दूर मंजिल है, पांव में छाले है पर किसे फिक्र है, सुनाया। पंकज तिवारी, उन्नति भारद्वाज, इरफान रजा, अशोक कुमार शर्मा, रविकांत रवि ने भी शायरी पेश की। समापन आरफा शबनम की मैंने तो कभी नहीं देखा चांद सितारों को, बिना सूरज देखे दिन निकल आया है, सुनाकर किया।
कार्यक्रम में मथुरा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष आबिद हुसैन, विजय सिंह प्रेमी, वीर सिंह कर्दम, इकबाल अहमद सौखिया, राजीव आंधीवाल, मुस्ताक अहमद, डॉ. उपेंद्र झा, रामेश्वर सारस्वत, सत्यप्रकाश रंगीला, अजय गौड़, प्रमिला गौड़, डॉ. छवि वार्ष्णेय, नावेद खान, साकिर कुरैशी, सत्यप्रकाश शर्मा आदि थे। संयोजक चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने सभी का आभार जताया। संवाद