हाथरस:शहर की एक गली में जलभराव की समस्या का जायजा लेते नोडल अधिकारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के नोडल अधिकारी व राहत आयुक्त संजय गोयल ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 1, 3, 7 एवं वार्ड नंबर 11 का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी ने सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाने के निर्देश दिए। जिस क्षेत्र में गंदगी मिलती है, उसकी जिम्मेदारी तय करते हुए उसके विरद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ईओ से कहा कि जलभराव की समस्या किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए।
वार्ड नंबर एक का निरीक्षण करते हुए राहत आयुक्त ने ईओ को निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिदिन गलियों की साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने गंदगी से भरी हुई नालियों व सड़कों पर बह रहे गंदे पानी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गंदे पानी से भरी हुई नालियों की नियमित रूप सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में गंदा पानी गलियों में नहीं आना चाहिए। उन्होंने ईओ एवं एई से गलियों के लिए बनाई गई कार्ययोजना के बारे में विस्तृत रूप से चर्चा की।
ईओ हाथरस ने नोडल अधिकारी को बताया कि 14वें वित्त आयोग के अंतर्गत 10 करोड़ रुपये की धनराशि शासन से मिली है। सफाई कार्य के लिए नौ सफाई कर्मचारी तैनात हैं। उसके बाद दारू कूटा वार्ड नंबर तीन का निरीक्षण किया। वहां पर भी जगह-जगह पर कूडे़ के ढेर, गंदगी एवं नालियों में कूड़ा एवं कीचड़ से भरे हुए पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। नालियों की सिल्ट सफाई कराने के निर्देश दिए। वार्ड नंबर 3 के स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ व्यक्तियों नेे घरों पर जानवर रखे हुए हैं, जिनका गोबर/मल नालियों में बहा दिया जाता हैं। जिससे नालियां चोक हो जाती हैं और सड़को पर पानी भर जाता है।
नोडल अधिकारी ने समस्या का संज्ञान लेते हुए ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए नोटिस जारी करने के साथ ही दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस क्रम में वार्ड नंबर 11 मोहल्ला श्री नगर का निरीक्षण किया। जहां पर खाली प्लॉट पर कूडे़ का ढेर एवं आवारा पशु घूमते पाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। खाली प्लॉट से कूडे़ के ढेर हटाने एवं पशुपालकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। टाटा टावर के आस पास की बस्ती में पानी भरे होने पर जल भराव से निजात दिलाने के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी ली।