हाथरस : एचएडी ट्रेन शुरू कराने पर सराफा बाजार में नगर पालिकाध्यक्ष का स्वागत करते दुकानदार।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस किला से दिल्ली जंक्शन के लिए जाने वाली एचएडी ट्रेन का संचालन फिर से शुरू कराने के प्रयास करने के लिए सराफा बाजार के कारोबारियों ने नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा का फूलमालाएं पहनाकर जोशीला स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि इस ट्रेन का संचालन कोरोना महामारी के दौरान अन्य ट्रेनों के साथ बंद कर दिया गया था। पिछले दिनों जब इस ट्रेन का संचालन शुरू किया गया तो इसको हाथरस किला की बजाय हाथरस जंक्शन से चलाया गया, जिससे हाथरस शहर के दैनिक यात्री काफी निराश हुए। इस ट्रेन का फिर हाथरस किला से ही संचालन शुरू कराने के लिए राजनीतिक दलों ने प्रयास किया।
नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने भी रेलमंत्री के नाम इस संबंध में ज्ञापन सौंपा और रेल अधिकारियों से हाथरस किला से ही ट्रेन का संचालन करने की मांग उठाई, जिसके बाद रेलवे प्रशासन ने दो दिन पूर्व फिर हाथरस किला से ही इस ट्रेन का संचालन शुरू करा दिया।