न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के वार्ड संख्या 16 में अधूरे पड़े बरातघर का निर्माण कार्य पूरा न होने के विरोध में नगर पालिका के सभासदों ने बुधवार से फिर नगर पालिका परिसर में धरना शुरू कर दिया है। धरने पर बैठे सभासदों का आरोप है कि पूर्व में धरने के समापन पर किए गए वादे के 22 दिन बाद भी यह काम अधूरा पड़ा है। उन्होंने ईओ व चेयरमैन पर वादाखिलाफी करने के साथ आरोपियों को बचाने के भी आरोप लगाए।
वार्ड 16 के भाजपा सभासद श्रीभगवान वर्मा कहना है कि उनके वार्ड की फ्रेंड्र्स कॉलोनी में अधूरे बरातघर का बंद निर्माण कार्य अभी तक शुरू नही किया गया है। इस संबंध में उन्होंने पहले भी कई बार पत्राचार किया गया था। इन पत्रों पर कोई कार्रवाई नही की गई। तब जनता के हितों के लिए मजबूरन उन्हें 15 जून को नगर पालिका प्रांगण में धरने पर बैठना पड़ा था। 60 घंटे के धरने पर बैठे रहने के बाद अधिशासी अधिकारी (ईओ) द्वारा निर्माण विभाग के सहायक अभियंता (एई) और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए नगर पालिकाध्यक्ष को पत्र लिखा, जिसमें इन दोनों को दोषी मानते हुए कार्रवाई की संस्तुति की गई थी।
धरना स्थल पर आए नगर पालिकाध्यक्ष द्वारा अग्रिम कार्यवाही के लिए जिलाधिकारी को 20 जून तक पत्र भेजने का आश्वासन मौके पर दिया गया था। ईओ ने बरातघर के शेष बचे कार्य को पूर्ण कराने के लिए समस्त कार्यवाही अगले 15 दिवस में पूर्ण कर कार्य शुरू कराने का आश्वासन धरनास्थल पर दिया था। आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया था, लेकिन अभी तक आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई। बरातघर अधूरा पड़ा है, इसलिए उन्हें फिर से अन्य सभासदों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठना पड़ रहा है।
इस मौके पर सभासद दल के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, वीरेंद्र माहौर, नारायण लाल, निशांत उपाध्याय, राजेंद्र गोयल, अंजली शर्मा, सभासद प्रतिनिधि हरप्रसाद माहौर, सभासद प्रतिनिधि हिमांशु मिश्र आदि थे। संवाद