न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रही सर्दी ने हृदय और श्वांस के रोगियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसके कारण सरकारी और निजी अस्पतालों की इमरजेंसी से लेकर वाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) तक मरीजों की संख्या में खासी बढ़ोतरी हुई है।
चिकित्सकों का कहना है कि विशेष तौर से हृदय और श्वांस से संबंधित रोगियों को इस मौसम में सतर्क रहने की जरूरत है। बढ़ती सर्दी का सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों के साथ ही श्वांस के रोगियों पर पड़ा है। अचानक मौसम में आए बदलाव से ब्लड प्रेशर के मरीजों में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ गया है।
ठंड में बच्चों का रखें विशेष ख्याल
जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि सर्दी बढ़ने साथ बच्चों में सांस लेने की शिकायत बढ़ने लगी है। ऐसे मरीजों की संख्या ओपीडी में बढ़ गई है। इस मौसम में इन्फेक्शन का खतरा कम होता है, लेकिन एलर्जी की शिकायत बढ़ जाती है, इसलिए जरूरी है कि बच्चों को ठंड से बचाएं। गर्म कपड़े पहनाकर रखें और सुबह शाम बाहर निकलने से बचें।
सांस की बीमारी से मरीजों की बढ़ी मुश्किल
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि कोहरे के कारण सर्दी बढ़ने से सांस रोगियों की मुशिकल बढ़ जाती है। सांस की नली में सिकुड़न आ जाती है, जिससे सांस लेने में परेशानी होने लगती है। उनकी ओपीडी में ऐसे 20 प्रतिशत तक मरीज आ रहे हैं। सांस के रोगियों के लिए जरूरी है कि वह दवाएं समय पर लें। इनहेलर अपने पास रखें। धूल और कोहरे में निकलने से बचें। कोई दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
सुबह बाहर निकलने से बचें
डॉ. वरुण चौधरी ने बताया कि ऐसे मरीजों को अधिक ठंड में सुबह मार्निंग वॉक से बचना चाहिए। घर पर ही व्यायाम करें। सुबह टहलने निकलें तो देर से बाहर जाएं। मौसम के हिसाब से शरीर को ढककर रखें।
इन बातों का रखें ध्यान
- मार्निंग वॉक न करें, जाएं तो गर्म कपड़े पहन कर निकलें।
- अस्थमा रोगी अपनी दवाएं साथ रखें।
- बीपी के मरीज नियमित रूप से ब्लड प्रेशर चेक कराएं।
- कोई दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
- पानी पीना कम न करें, पानी लगातार पीते रहें।
- दिल के मरीज रोजाना घर पर ही कसरत करें।
- कम कैलोरी वाला भोजन लें।
मरीजों का कहना है...
ठंड लगने से पेट में दर्द हो रहा है। उसी की दवा लेने के लिए अस्पताल आई हूं। यहां से दवा खाऊंगी तो ठीक हो जाऊंगी।
-शकीना, मरीज
कई दिनों से ठंड अधिक होने के कारण पैरों में झनझनाहट और सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसी परेशानी की दवा लेने के लिए लाइन में लगी हुई हूं।
-माधुरी, मरीज
पिछले कई दिनों से ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ गई है। उसी को दिखाकर दवा लेने आई हूं। डॉक्टर ठंड से बीपी बढ़ने की बात कह रहे हैं।
-जमीला, मरीज
मौसम बदलते ही शरीर में सुन्नापन होने लगा है। यह सब मौसम में अधिक ठंड होने के कारण हो रहा है। चिकित्सक को दिखाने आया हूं।
दलशेर, मरीज