प्रशांत भारती, हाथरस।
जिले में मुर्दे भी पेंशन ले रहे हैं। यह हम नहीं, बल्कि सरकार आंकड़े बोल रहे हैं। विभाग की ओर से कराए गए सत्यापन में सामने आया है कि विधवा पेंशन में 380 और वृद्धावस्था पेंशन में 1664 मृतक पेंशन योजना के तहत पेंशन पा रहे थे।
इन आंकड़ों के सामने आने के बाद विभाग की ओर से इन मृतकों का नाम सूची से हटाने के लिए शासन को भेजा जा रहा है। वृद्धावस्था पेंशन में 697 अपात्र व विधवा पेंशन में 95 अपात्र पाए गए हैं। इन अपात्रों के नाम भी लाभार्थियों की सूची से हटाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
शासन की ओर से प्रोबेशन विभाग के माध्यम से गरीब विधवा महिलाओं को जीवन-यापन करने के लिए पेंशन मुहैया कराई जाती है। पेंशन से मिलने वाली अर्थिक धनराशि को तिमाही किस्त के जरिये सीधे लाभार्थी के खाते में भेजी जाती है। विधवा पेंशन में लाभार्थियों अपात्र होने की शिकायतें विभाग को मिल रही थीं।
शिकायतों पर विभाग की ओर से ब्लॉक वार सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई गई। जिले में 25591 लाभार्थियों को विधवा पेंशन दी जा रही है। सत्यापन में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। सत्यापन में पता चला है कि 380 मृतक पेंशनार्थियों को पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। यहां तक कि योजना में 95 अपात्र भी पाए गए। इन आकंड़ों के सामने आने के बाद विभाग की ओर से मृतक अपात्रों का सूची से नाम पृथक करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं दूसरी ओर से समाज कल्याण विभाग की ओर से भी पेंशनार्थियों का सत्यापन कराया गया। जिले में समाज कल्याण विभाग की ओर से 34061 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन से लाभान्वित किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान सामने आया कि 1664 मृतक पेंशन योजना का लाभ ले रहे थे।
इतना ही नहीं अन्य प्रांतों में रहने वाले लाभार्थी भी इस योजना के तहत योजना का लाभ लेते हुए पाए गए। सत्यापन में 697 लाभार्थी अपात्र भी पाए गए । अब विभाग की ओर से मृतकों व अपात्रों के नामों को हटाने के लिए उच्चाधिकारियों को डाटा भेज दिया गया है। संवाद
7591 ने नहीं कराई ई केवाईसी
शासन की ओर से पेंशन योजना को आधार प्रमाणीकरण से जोड़ा जा रहा है। शासन के निर्देश के क्रम में विधवा पेंशन पा रहे लाभार्थियों को ई केवाईसी कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि अभी तक 7591 पेंशनार्थियों ने आधार के माध्यम से अपनी ई केवाईसी नहीं कराई है। संवाद
सत्यापन के दौरान जो लाभार्थी मृतक और अपात्र पाए गए हैं, इन सभी पेंशनार्थियों के नाम पेंशन की सूची में हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
-सीमा मौर्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी