न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)।
कस्बा के मोहल्ला शुक्लयाना में बंद मकान के आंगन के ऊपर लगे लोहे के जाल को तोड़कर चोरों ने नकदी और लाखों के आभूषण पार कर दिए। पीड़ित परिवार पिता की अंत्येष्टि के लिए पैतृक गांव गया था। इन लोगों को मकान में चोरी का पता सोमवार को उस वक्त लगा, जब गृहस्वामी ने गांव मकनपुर में अपनी सास को फोन कर घर की साफ-सफाई के लिए भेजा। पीड़ित ने गांव आकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
पीड़ित सुंदर चौधरी पुत्र महावीर सिंह निवासी गंगागढ़ थाना सावति गढ़ पहासू जिला बुलंदशहर हाल निवासी मोहल्ला शुक्ययाना ने बताया कि उनके पिता का लंबी बीमारी के बाद छह जून की शाम को निधन हो गया था। पिता की इच्छा के मुताबिक वह मौत के दूसरे दिन सुबह चार बजे पिता के शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव ले गए थे। वहां उनका अंतिम संस्कार करने के बाद वह गांव में ही रहकर रीति रिवाज के अनुसार उनके कार्यक्रम करवा रहे थे।
इस बीच उन्होंने गांव मकनपुर निवासी अपनी सास को सोमवार को घर की साफ-सफाई करने के लिए कहा। वह उसी दिन कस्बे में पहुंचीं और दरवाजे का ताला खोलने के बाद जैसे ही दरवाजे को धक्का लगाया तो वह नहीं खुला। उन्होंने पड़ोसियों से कहा कि घर का दरवाजा नहीं खुल रहा। जब पड़ोसियों की मदद से भी दरवाजा नहीं खुला तो वह छत पर गए। वहां लोहे के जाल को टूटा देखकर उन सभी के होश उड़ गए।
एक युवक किसी तरह से मकान में नीचे उतरा और उसने अंदर से बंद दरवाजे को खोला। सास ने पड़ोसियों के साथ कमरों में अलमारी आदि का सामान बिखरा देखा तो उन्होंने इसकी सूचना सुंदर चौधरी को दी। सुंदर चौधरी जब घर आए तो घर में से चोर बक्शा एवं अलमारी तोड़कर लाखों के आभूषण, जिनमें सोने की आठ अंगूठी, गले का हार, जंजीर, पैंडल, झुमकी एवं टॉप्स, चांदी की पायजेब, छह चांदी के सिक्के एवं 40 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने भी पड़ित के घर पहुंचकर छानबीन की। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। सुंदर का कहना है कि वह पहले से ही अपने पिता की मौत से दुखी थे। उनकी पूरी कमाई को चोर ले गए। अब पुलिस उल्टे उनसे ही सवाल पूछ रही है।