संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
डीएपी खाद की किल्लत इतनी बढ़ गई है कि अब सहकारी समितियों पर मारपीट भी शुरू हो गई है। मुरसान में सोमवार को किसानों में आपस में मारपीट हुई थी तो अब हाथरस जंक्शन में कुछ लोगों ने खाद वितरण करा रहे एक कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी।
मामले में पंकज शर्मा निवासी फरौली थाना हाथरस जंक्शन का कहना है कि वह क्षेत्रीय सहकारी समिति हाथरस जंक्शन में आंकिक के पद पर तैनात है। जब खाद वितरित होने वाली थी तो इसी दौरान वहां समिति का अध्यक्ष पांच-छह अन्य लोगों के साथ आया और यह लोग हंगामा करने लगे।
अध्यक्ष ने कहा कि उसके गांव का कोई लाइन में नहीं लगेगा। पंकज के मुताबिक जब उसने सभी लोगों से लाइन में लगने के लिए कहा तो अध्यक्ष व उसके साथ आए लोगों से उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उसने इसे लेकर थाना हाथरस जंक्शन में तहरीर दी है।