न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में अप्रशिक्षित चिकित्सकों का बोलबाला है। गांव रहना में अप्रशिक्षित के इलाज से युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से युवक को गंभीर हालत मेें रेफर कर दिया गया। अब इस मामले में युवक के भाई ने अप्रशिक्षित के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से शिकायत की है।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव रहना निवासी 45 वर्षीय राजीव पुत्र अतर सिंह को बुखार आया। परिजनों ने उन्हें गांव में ही एक अप्रशिक्षित को दिखाया। परिवार के लोगों का कहना है कि रात को अप्रशिक्षित ने राजीव को इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद राजीव के शरीर पर सूजन आ गई। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और इसकी जानकारी अप्रशिक्षित को दी।
अप्रशिक्षित चिकित्सक ताला लगाकर भाग गया। राजीव को परिवार के लोग गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ के निजी अस्पताल में युवक का उपचार चल रहा है। अब युवक के भाई जितेंद्र पुत्र अतर सिंह ने सीएमओ से शिकायत करते हुए अप्रशिक्षित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। संवाद