न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तीन दिन पहले नहर के पुल के पास बाईपास रोड पर मिले लावारिस शव की शिनाख्त मथुरा निवासी रोडवेज के संविदा चालक के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर शव को परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के बाईपास रोड नहर के पुल के पास 12 दिसंबर की सुबह एक करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पुलिस को मिला था। इसे शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम गृह में रखवाया गया था। बुधवार को तलाश करते करते मथुरा से हाथरस पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त 35 वर्षीय योगेश कुमार पुत्र कृष्ण मुरारी निवासी लक्ष्मीनगर यमुनापार मथुरा के रूप में की।
पुलिस ने अपनी कार्यवाही पूरी करके शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजन शव को लेकर चले गए। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी गौरव सक्सेना ने बताया कि शव की शिनाख्त मथुरा निवासी योगेश के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह घर से 10 दिसंबर को निकला था और रोडवेज में संविदा पर चालक था। संवाद