न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की धनराशि काफी किसानों के खातों में विभिन्न कमियों के कारण नहीं पहुंच रही है। ऐसे ही किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय पहुंचे और हंगामा करने लगे, जिन्हें उप कृषि निदेशक ने जैसे-तैसे शांत कराकर उनकी समस्या का निदान कराए जाने का आश्वासन दिया।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की धनराशि न मिलने की समस्या को लेकर काफी किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय पहुंचे, जबकि उप कृषि निदेशक द्वारा किसानों की समस्या का निदान करने के लिए ब्लॉक व जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम बना रखा है। इसे लेकर फोन नंबर भी जारी किए गए हैं। इन दिए गए नंबरों पर फोन कर समस्या का समाधान कराया जा सकता है, फिर भी किसान उपकृषि निदेशक कार्यालय पहुंच रहे हैं।
कोरोना संक्रमण के चलते दफ्तर के अंदर भीड़ जमा न हो, इसलिए उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया। इस बात से गुस्साए कुछ किसान कर्मचारियों से अभद्रता करने लगे। जानकारी होने पर अपने कक्ष से उप कृषि निदेशक बाहर आ गए और किसानों की बातें सुनकर उनका समाधान कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसान शांत हुए।
किसान ब्लॉक स्तर पर ऑनलाइन अपनी समस्या का निदान करा सकते हैं, फिर भी यहां तक आ रहे हैं। उन्हें समझाया गया तो एक दो किसान गुस्से में आकर बड़बड़ाने लगा। हालांकि उन्हें समझाया गया तो वह शांत हो गए।
-एचएन सिंह, उप कृषि निदेशक।