न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पालिका परिषद द्वारा फर्जी तरीके से पूर्व में सीवेज फार्म पर नलकूप की स्थापना की निविदा प्रकाशित कर फर्जी भुगतान निकालने के प्रयास का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की गई है।
शिकायत में गांव पैकवाड़ा निवासी संजय अग्निहोत्री ने कहा है कि नगर पालिका परिषद द्वारा सीवेज फार्म जलेसर रोड स्थित प्रांगण में पूर्व स्थापित नलकूप की चार जनवरी को निविदा जारी की गई है। इस भूमि पर पूर्व में ही नलकूप स्थापित है, लेकिन इसके बाद भी पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा जो निविदा प्रकाशित कराई गई है। इस निविदा के माध्यम से फर्जीवाड़ा कर सरकारी धन हड़पने का प्रयास किया जा रहा है।
संबंधित कार्य को बोर्ड में दो वर्ष पूर्व लाया गया था और बोर्ड में प्रस्ताव स्वीकृत हुआ था, जबकि बोर्ड में प्रस्ताव स्वीकृति के आधार पर ही निविदा प्रकाशित की जाती है और वह प्रस्ताव बोर्ड में सिर्फ छह माह के लिए मान्य होता है। उन्होंने कहा है कि इस प्रकरण की जिला स्तरीय कमेटी बनाकर जांच कराई जाए, जिससे प्रकरण में दोषियों पर कार्रवाई की जा सके। संवाद