न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बृज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अस्थायी थाना बनाया गया है। इसकी कमान अपराध शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर केडी शर्मा को सौंपी गई है। दूसरे जिलों से भी काफी संख्या में पुलिस के जवान मेला में सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे।
पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी हाथरस कोतवाली क्षेत्र में दाऊजी महाराज मेला दो सितंबर से शुरू हो रहा है। मेले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्थायी रूप से थाना दाऊजी मेला स्थापित किया है।
मेले में अभिलेखों के रखरखाव एवं पुलिस बल के व्यवस्थापन के लिए एसआई रामशरन चौकी प्रभारी दाऊजी थाना कोतवाली, मुख्य आरक्षी अवनीश कुमार, पुलिस लाइन, आरक्षी वीरू, चुनाव सेल और आरक्षी लाखन सिंह, डायल 112 को दाऊजी मेले से संबद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय ने बताया कि निरीक्षक केडी शर्मा अपराध शाखा हाथरस को अस्थायी थाना मेला श्रीदाऊजी महाराज का प्रभारी बनाया गया है। दूसरे जिलों से भी करीब 400 सिपाही व लगभग 100 एसआई मेला में सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग देंगे। मेला प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक से विचार विमर्श कर उपलब्ध कराए गए पुलिस बल की ड्यूटियां लगवाना सुनिश्चित करेंगे। संवाद