हाथरस: दुर्घटना में मृत तहसील कर्मी राजेश कुमार का फाइल फोटो।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तहसील सदर में कार्यरत एक कर्मचारी की मंगलवार की देर शाम अलीगढ़ रोड पर चौपाल सागर के निकट किसी वाहन की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। तहसील कर्मी बाइक पर सवार थे। मृतक तहसील कर्मी वरिष्ठ पत्रकार सुनीत सजग के छोटे भाई थे। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात मृतक का शव पोस्टमार्टम गृह पर रखा हुआ था।
सासनी थाना क्षेत्र के गांव बिजाहरी निवासी राजेश कुमार कुलश्रेष्ठ (50 वर्ष) पुत्र जगदंबा प्रसाद कुलश्रेष्ठ यहां तहसील सदर में कर्मचारी थे। मंगलवार की देर शाम को जब वह बाइक से तहसील से अपने गांव जा रहे थे तो अलीगढ़ रोड पर चौपाल सागर के निकट किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस उन्हें वहां से जिला अस्पताल लेकर आई।
यहां भी चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए और वहां करुण-क्रंदन शुरू हो गया। पुलिस भी मौके पर आ गई। एसडीएम सदर रामजी मिश्रा के अलावा अन्य कर्मचारी भी वहां पहुंच गए। मृतक राजेश कुमार वरिष्ठ पत्रकार सुनीत सजग के छोटे भाई थे। परिजन भी पोस्टमार्टम गृह पर आ गए। वहीं उनके घर पर कोहराम मच गया।