न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
कोतवाली क्षेत्र के पुरदिलनगर मार्ग पर स्थित गांव बपंडई के निकट दो युवकों ने अपने मामा के साथ बाइक से अपने घर के लिए जा रही किशोरी का हाथ पकड़कर खींचते हुए उसके साथ मारपीट की। मामा ने विरोध किया तो आरोपी मौके से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर और बाइक छोड़कर भाग गए। पीड़ित किशोरी के मामा ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस और यूपी 100 की पुलिस टीम को दी।
पीड़ित किशोरी के मामा ने गांव बपंडई के ही 2 युवकों को नामजद करते हुए घटना की तहरीर दी है। मुरसान क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति शुक्रवार की दोपहर 12 बजे के लगभग अपनी 14 वर्षीय भांजी को बाइक से पुरदिलनगर में उसके माता-पिता के पास छोड़ने के लिए जा रहा था।
तभी पुरदिलनगर मार्ग पर गांव बपंडई के निकट दो बाइक सवार युवकों ने बाइक पर बैठी किशोरी का हाथ पकड़कर खींच लिया। किशोरी की चीख सुनकर उसके मामा ने विरोध किया। यह लोग मामा से भी मारपीट करने पर आमादा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपी गांव से फरार हो गए। खबर लिखने तक इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। कोतवाली प्रभारी से भी फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।