न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कबड्डी खेलते वक्त सासनी के गांव बांधनू में एक किशोर अचेत हो गया, जिससे वहां मौजूद युवकों में खलबली मच गई। परिवार के लोग भी उसे देखकर घबरा गए। किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सासनी क्षेत्र के गांव बांधनू निवासी 14 वर्षीय राहुल पुत्र संजय सिंह अन्य बच्चों के साथ गांव के बाहर धान के खेत के पास कबड्डी खेलने के लिए अपने साथियों के साथ गया था। धान के खेत में एक किसान कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। किसी प्रकार कीटनाशक दवा राहुल के मुंह में चली गई, जिससे वह अचेत हो गया।
यह देखकर उसके साथ मौजूद अन्य किशोर व युवक घबरा गए। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वह भी काफी परेशान होने लगे। किशोर को उपचार के लिए आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उसे उपचार मिलने के बाद स्वास्थ्य लाभ मिला और फिर परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। संवाद