संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर में एक शिक्षक पर नाबालिग छात्र के साथ कुकर्म का आरोप लगा है। शिक्षक के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दर्ज किया गया है। न्यायालय ने परिवाद पर शिक्षक को तलब किया, लेकिन हाजिर न होने पर उसके खिलाफ वारंट जारी किए हैं। मामले में अगली सुनवाई 16 जून नियत की है।
हाथरस गेट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 14 वर्षीय छात्र कक्षा नौ में पढ़ता है। उसके पिता का आरोप है कि छात्र के साथ विद्यालय का शिक्षक आए दिन अश्लील हरकत करता था। 16 दिसंबर 2021 को शिक्षक ने छात्र के साथ कुकर्म किया।
साथ ही गालियां देते हुए मारपीट कर उसके हाथ की अंगुली तोड़ दी। छात्र के पिता का कहना है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने सही रिपोर्ट न लिखकर मारपीट की धाराओं में ही रिपोर्ट दर्ज की। उसके बाद कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया।
विशेष न्यायाधीश ने परिवाद दर्ज करते हुए शिक्षक को आईपीसी की धारा 377, 323, 325, 504, 506 व 3-4 पॉक्सो अधिनियम में तलब किया है। साथ ही शिक्षक के न्यायालय में हाजिर न होने पर जमानती वारंट जारी किए गए हैं। मामले की अगली सुनवाई के लिए 16 जून नियत की है।