हाथरस : सड़क पर पलटे टैंकर से दूध भरकर ले जाते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
आगरा रोड पर गांव गीगला के निकट शनिवार की शाम को दूध का टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। कुछ ही देर में टैंकर से बहते दूध को भरने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। टैंकर पलटने से आवागमन भी बाधित रहा। कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर व्यवस्था संभाली और यातायात को सुचारु कराया।
टैंकर अलीगढ़ से आगरा दूध लेकर जा रहा था। गांव गीगला के निकट सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में इसका संतुलन बिगड़ गया। चालक टैंकर को नियंत्रित कर पाता, उससे पहले ही टैंकर हाईवे पर पलट गया। तेज धमाके जैसी आवाज से ग्रामीण और आसपास खेतों में काम कर रहे लोग सहम गए।
आगे पीछे चल रहे वाहन सवार और राहगीर भी घबरा गए। कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने टैंकर को घेर लिया। ग्रामीण बर्तन लेकर टैंकर की तरफ दौड़े चले जा रहे थे। टैंकर से बहते दूध को भरने के लिए ग्रामीणों में होड़ लग गई। दुग्ध कारोबारी को इस घटना से भारी नुकसान हुआ है। हालांकि चालक पूरी तरह सुरक्षित है। संवाद