न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना संक्रमण के बीच ट्रेनों का संचालन भी लड़खड़ा रहा है। दिल्ली से टूंडला के लिए चलने वाली टीएडी ट्रेन हाथरस जंक्शन स्टेशन पर करीब तीन घंटे देरी से पहुंची। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे द्वारा यात्रियों को राहत देने के लिए कुछ ही पैसिंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। दिल्ली से टूंडला तक संचालित होने वाली टीएडी पैसिंजर ट्रेन शनिवार को चार बजकर 20 मिनट की जगह रात सात बजकर 45 मिनट पर हाथरस जंक्शन स्टेशन पर पहुंची।
इस कारण यात्रियों को काफी देर तक स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। साथ ही वह गंतव्य तक भी देरी से पहुंचे। यात्री इस अव्यवस्था के लिए रेलवे प्रशासन को कोसते हुए नजर आए। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों से वार्ता की गई तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उनका कहना था कि जहां से ट्रेन चलती है, वहीं के अधिकारी बता सकते हैं कि ट्रेन किस कारण देरी से चली है।