संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बिजली की लाइनों में आ रही ट्रिपिंग के चलते लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। शनिवार को शहर के अलग अलग इलाकों में फॉल्ट के चलते कई घंटे बिजली गुल रही। इस कारण लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ा। विभागीय अधिकारी लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे। बिना बिजली के कामकाज भी प्रभावित हुआ।
शनिवार की सुबह से मौसम बदला। बूंदाबांदी भी हुई। शहर के ओढ़पुरा, गिजरौली, जलकल संस्थान, प्रगतिपुरम आदि विद्युत उपकेंद्रों से निकलने वाले फीडरों की लाइनों में फॉल्ट हुए। इस कारण लोगों को कई घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा।
बिजली बाधित रहने से लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। उमसभरी गर्मी के चलते लोगों को पसीने से तरबतर होना पड़ा। देहात के सलेमपुर, उघई, नगला रति आदि विद्युत उपकेंद्रों की लाइनों में भी फॉल्ट हुए। इस कारण बिना बिजली के लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ा।
उमसभरी गर्मी में बिना बिजली के काफी परेशानी हो रही है। बिजली विभाग लाइनों के बदलने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विभाग को बिल लेने की तो याद रहती है, लेकिन आपूर्ति पर कतई ध्यान नहीं है।
-यश शर्मा
कभी दिन तो कभी रात में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। लाइनों में फॉल्ट के चलते हर रोज काफी काफी देर बिजली गायब हो रही है। बिना बिजली के कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
-अवधेश बख्शी
बिना बिजली के सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है। कभी रोस्टर से कटौती हो रही है तो कभी कम वोल्टेज की समस्या आ रही है। बिजली विभाग को कई बार अवगत करा दिया। हालत जस के तस हैं।
-राजेश कुमार